निजी शीतगृह में रखा आलू तो किसानों को मिलेगा 100 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान

अंबेडकरनगर में आलू उत्पादकों के लिए योजना लागू, अधिकतम 20 हजार रुपये तक मिलेगी सहायता

अंबेडकरनगर। निजी शीतगृहों में आलू का भंडारण कराने वाले किसानों को भंडारण प्रभार में राहत मिलेगी। उद्यान विभाग की ओर से संचालित योजना के तहत किसानों को 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अनुदान दिया जाएगा। एक किसान को अधिकतम 20 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा।

दो हेक्टेयर तक क्षेत्रफल योजना में शामिल
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ उन आलू उत्पादक किसानों को मिलेगा, जिन्होंने अपना आलू जनपद के निजी शीतगृहों में भंडारित कराया है। योजना में अधिकतम 2.0 हेक्टेयर रोपित क्षेत्रफल और अधिकतम 200 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आलू की मात्रा अनुमन्य है।

किसान के रोपित क्षेत्रफल का निर्धारण नवीनतम खतौनी और खसरा के आधार पर किया जाएगा। वहीं भंडारित आलू की मात्रा शीतगृह की ओर से जारी तौल पर्ची के आधार पर तय होगी।

ऑनलाइन करना होगा आवेदन
अनुदान के लिए किसानों को विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ फोटोयुक्त वैध पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और रोपित क्षेत्रफल से संबंधित खसरा-खतौनी की प्रति लगानी होगी।

आलू शीतगृह से निकालने और भंडारण प्रभार का भुगतान करने से संबंधित प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button