- मिझौड़ा गन्ना विकास परिषद में 11 जुलाई तक चलेगा अभियान, पात्र किसानों का मौके पर ही हो रहा पंजीकरण
अम्बेडकरनगर। गन्ना किसानों को बीमा और पेंशन योजनाओं से जोड़ने के लिए मिझौड़ा गन्ना विकास परिषद में पांच दिवसीय विशेष जागरूकता शिविर शुरू हो गया है। सात जुलाई से शुरू हुआ यह अभियान 11 जुलाई तक चलेगा। शिविर में किसानों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण भी किया जा रहा है।
शिविर का उद्देश्य गन्ना किसानों तक केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुंच बढ़ाना और अधिक से अधिक पात्र किसानों को इनसे जोड़ना है। इसके लिए विभागीय अधिकारी किसानों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, प्रीमियम, बीमा कवर और पेंशन संबंधी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।
चार प्रमुख योजनाओं पर विशेष फोकस
शिविर में किसानों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि सभी योजनाओं के लिए पात्रता अलग-अलग है। इसलिए किसानों को आवेदन से पहले आवश्यक दस्तावेज और शर्तों की जानकारी भी दी जा रही है।
पंजीकरण के लिए आधार से लिंक बैंक खाता जरूरी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए बैंक खाते का आधार से लिंक होना अनिवार्य है। जिन किसानों के खाते अभी तक आधार से लिंक नहीं हैं, उन्हें पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही उनका पंजीकरण किया जाएगा।









