- लोरपुर और शास्त्री नगर में चला सफाई अभियान
- नालियों की सफाई और फॉगिंग कराई गई
- एंटी-लार्वा दवा का किया गया छिड़काव
अंबेडकरनगर। बरसात के मौसम में संक्रामक और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए चल रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत मंगलवार को नगर पालिका परिषद अकबरपुर ने वार्ड लोरपुर और शास्त्री नगर में व्यापक सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान नालियों की सफाई, फॉगिंग, एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव और झाड़ियों की कटाई कराई गई।
यह अभियान एक जुलाई से 31 जुलाई तक चल रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। नगर पालिका ने जलभराव और संवेदनशील क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए सफाई और सैनिटाइजेशन टीमों को तैनात किया।
नालियों की सफाई से जल निकासी पर जोर
अभियान के दौरान दोनों वार्डों की छोटी और बड़ी नालियों तथा नालों की तली की सफाई कराई गई। जमा सिल्ट और कचरे को हटाकर जल निकासी को सुचारु बनाने का कार्य किया गया, ताकि बारिश के दौरान पानी जमा न हो और मच्छरों के पनपने की संभावना कम हो सके।
एंटी-लार्वा दवा और फॉगिंग अभियान
मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए संभावित स्थानों और नालियों में एंटी-लार्वा लिक्विड, मैलाथियान डस्ट, ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव कराया गया। वहीं, घनी आबादी वाले इलाकों और गलियों में मशीनों से फॉगिंग कराई गई। इसके साथ ही सड़कों और रास्तों के किनारे उगी झाड़ियों और घास की कटाई भी कराई गई।









