अंबेडकरनगर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जिले में ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) चल रही है। शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट स्थित वीवीपैट वेयरहाउस पहुंचकर जांच प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने एफएलसी की प्रगति और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट की तकनीकी जांच की प्रक्रिया भी देखी।
हर चरण की जांच और रिकॉर्डिंग पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों और तकनीकी मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जाए। प्रत्येक चरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को तकनीकी जांच में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। एफएलसी से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का रिकॉर्ड भी नियमानुसार रखने को कहा।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी देख सकेंगे प्रक्रिया
एफएलसी के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को निर्धारित नियमों के अनुसार प्रक्रिया देखने का अवसर दिया जा रहा है।
जांच की प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के Manual on Electronic Voting Machine में दिए गए प्रावधानों और मानकों के अनुसार की जा रही है।
इस दौरान एफएलसी सुपरवाइजर एवं बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी पुष्पेंद्र पटेल, जिला पंचायत राज अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









