
- 150 किमी रफ्तार से टकराई एम्बुलेंस, 5 की मौके पर मौत
- हरियाणा से बिहार जा रही एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त
- पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा
अमेठी। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह साढ़े पांच बजे एक भीषण सड़क हादसे में एम्बुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही एम्बुलेंस एक खड़ी पिकअप वैन से जा टकराई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एम्बुलेंस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दो लोग वाहन में बुरी तरह फंस गए।
150 किमी की रफ्तार से भिड़ी एम्बुलेंस, चीख-पुकार मच गई
हादसा अमेठी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन संख्या 59.70 के पास हुआ। घटना के वक्त एम्बुलेंस में सवार लोग हरियाणा से बिहार के समस्तीपुर जिले जा रहे थे। वे अपने परिजन अशोक कुमार शर्मा का शव लेकर रामभद्रपुर गांव लौट रहे थे, जिनकी कुछ दिन पहले गुड़गांव में सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
रविवार सुबह जब यह एम्बुलेंस फतेहपुर निवासी विजय सिंह की मछली लदी पिकअप से टकराई, तो तेज आवाज सुनकर आसपास के राहगीर दौड़ पड़े। चार लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया, लेकिन ड्राइवर और आगे बैठे शख्स को निकालने में पुलिस और यूपीडा की टीम को दरवाजा तोड़ना पड़ा।
हादसे में मरने वालों के नाम
राजकुमार शर्मा (समस्तीपुर, बिहार)
रवि शर्मा (समस्तीपुर, बिहार)
फुलो शर्मा (समस्तीपुर, बिहार)
सरफराज (एम्बुलेंस चालक, हरियाणा)
आबिद (एम्बुलेंस सहयोगी, हरियाणा)
घायल: शंभू राय (समस्तीपुर, बिहार)
पिता की मौत के बाद बेटे की भी सड़क हादसे में मौत
मूल रूप से समस्तीपुर के रहने वाले अशोक कुमार शर्मा की मंगलवार को गुड़गांव में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उनके बेटे सतीश उर्फ राजकुमार शर्मा ने अपने पिता का शव एम्बुलेंस से बिहार ले जाने का फैसला किया था। साथ में दो रिश्तेदार भी थे। लेकिन इस यात्रा ने एक और बड़ा दुख दे दिया। खुद राजकुमार भी इस हादसे में अपनी जान गंवा बैठे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया मंजर
स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस बुरी तरह चिपक गई थी। फंसे हुए लोगों को निकालना मुश्किल हो गया था। पुलिस और यूपीडा टीम ने दरवाजा तोड़कर दो लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पिकअप का टायर पंचर था, हादसे का यही बना कारण
पिकअप चालक विजय सिंह ने बताया कि वह मछली लदी गाड़ी लेकर कानपुर से सिलिगुड़ी जा रहे थे। एक्सप्रेसवे पर टायर पंचर होने की वजह से गाड़ी साइड में खड़ी थी। जैसे ही वह गाड़ी स्टार्ट करने लगे, पीछे से तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने टक्कर मार दी।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक, हेल्पलाइन नंबर जारी
अमेठी के डीएम संजय चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। मृतकों के परिजनों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही मुसाफिरखाना तहसील में एक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जिस पर परिजन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।








