अम्बेडकरनगर। मोहर्रम जुलूस के सकुशल और सुरक्षित आयोजन को लेकर अकबरपुर नगर क्षेत्र में बुधवार को विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस प्रशासन के निर्देशानुसार 24 जून को सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों का डायवर्जन प्रभावी रहेगा। जुलूस की समाप्ति तक आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहनों का भी मार्ग परिवर्तित किया जाएगा।
मीरानपुर से शहजादपुर होकर निकलेगा जुलूस
पुलिस के अनुसार मोहर्रम का जुलूस मीरानपुर से प्रारंभ होकर फव्वारा तिराहा होते हुए शहजादपुर पहुंचेगा। इसके बाद जुलूस पुनः शहजादपुर से फव्वारा तिराहा होते हुए मीरानपुर में समाप्त होगा। जुलूस मार्ग पर भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है।
इन मार्गों से गुजरेंगे हल्के वाहन
अयोध्या की ओर से आने वाले हल्के वाहनों को अन्नावा तिराहा से श्रवण क्षेत्र मार्ग, गोहन्ना बाईपास और न्यौतरिया बाईपास होकर शहर में प्रवेश कराया जाएगा।
इब्राहिमपुर से रोडवेज की ओर आने वाले वाहन लालापुर-शेखपुरा मार्ग, इंजीनियरिंग कॉलेज, पटेलनगर और टांडा मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
शहजादपुर से कचहरी की ओर जाने वाले वाहनों को संघतिया चौकी, जलालपुर कट मोहरिया और न्यौतरिया बाईपास होकर शहर में प्रवेश दिया जाएगा।
कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
बनकेगांव मोड़, पटेल तिराहा और शहजादपुर से तहसील की ओर जाने वाले मार्गों पर जुलूस की समाप्ति तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।








