ग्रेटर नोएडा में लिव-इन कपल की संदिग्ध मौत, युवक फंदे पर लटका मिला

बंद कमरे से बदबू आने पर खुला मामला, हत्या के बाद खुदकुशी की आशंका

  • बंद कमरे से युवक-युवती के शव बरामद
  • युवक फंदे पर लटका, युवती का शव फर्श पर मिला
  • हत्या के बाद खुदकुशी की आशंका
  • आर्थिक तंगी को लेकर होते थे विवाद

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित तुगलपुर गांव में बुधवार देर रात एक बंद कमरे से लिव-इन में रह रहे युवक-युवती के शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। दोनों किराए के मकान में पति-पत्नी बनकर रह रहे थे।

जानकारी के अनुसार, आसपास रहने वाले लोगों को कमरे से तेज बदबू आने लगी, जिसके बाद मकान मालिक को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। अंदर का दृश्य देख सभी हैरान रह गए। युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि युवती का शव फर्श पर पड़ा था।


हत्या के बाद खुदकुशी की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती की गला दबाकर हत्या की और फिर खुद फंदे पर लटक गया। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।


तीन साल से साथ रह रहे थे दोनों

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (30) और उसकी लिव-इन पार्टनर ज्योति (24) के रूप में हुई है। दोनों पिछले करीब तीन साल से साथ रह रहे थे। युवक करीब 8 महीने पहले यहां रहने आया था और कुछ समय बाद युवती भी उसके साथ रहने लगी थी।


आर्थिक तंगी बनी विवाद की वजह

पड़ोसियों के मुताबिक, युवक के बेरोजगार होने और युवती के नौकरी छोड़ने के बाद घर में आर्थिक संकट बढ़ गया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। बताया जा रहा है कि युवती पिछले 20 दिनों से काम पर नहीं जा रही थी।


कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट

पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। कमरा अंदर से बंद था, ऐसे में किसी तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी की संभावना फिलहाल नहीं मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button