अम्बेडकरनगर। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने बुधवार को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों केंद्रों में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और लाभार्थियों को मिल रही सेवाओं की स्थिति जानी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पीड़ित महिलाओं और कुपोषित बच्चों को शासन की योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं से सीधे किया संवाद
निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने वन स्टॉप सेंटर में रह रही महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने उनकी समस्याओं, केंद्र से मिलने वाली सहायता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। महिलाओं की समस्याओं को सुनने के बाद उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र में आने वाली पीड़ित महिलाओं को सहायता, सुरक्षा और आवश्यक सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एनआरसी में 10 बच्चे मिले भर्ती, अभिभावकों से ली जानकारी
इसके बाद उपाध्यक्ष ने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। यहां 10 बच्चे भर्ती मिले। उन्होंने बच्चों के उपचार, खानपान और पोषण व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों के अभिभावकों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी गईं।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि एनआरसी से छुट्टी मिलने के बाद भी बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर लगातार ध्यान दें, जिससे कुपोषण की स्थिति दोबारा न बने।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अभिभावकों से चिकित्सकों की सलाह के अनुसार बच्चों का निर्धारित 14 दिन का उपचार पूरा कराने को कहा।
भर्ती बच्चों को बांटी फल और बेबी किट
निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने एनआरसी में भर्ती बच्चों को फल और बेबी किट वितरित की। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उपचार और पोषण से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।









