
लखनऊ: प्रदेश के गरीब बच्चों के लिए RTE (राइट टू एजुकेशन) के तहत स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया 2 फरवरी 2026 से शुरू होगी। इस सत्र में प्रदेश के कुल 68 हजार स्कूलों को RTE पोर्टल पर मैप किया गया है। राज्य परियोजना कार्यालय ने सभी जिलाधिकारियों और बेसिक शिक्षक अधिकारियों को आवेदन और प्रवेश से जुड़ा पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है।
68 हजार स्कूलों में प्रवेश के अवसर
पिछले सत्र में करीब 1.85 लाख बच्चों ने आवेदन किया था, जिनमें से 1.41 लाख बच्चों को विभिन्न स्कूलों में प्रवेश मिला था। इस बार, इन स्कूलों में कुल स्वीकृत सीटों के 25% पर कमजोर आय वर्ग के बच्चों को प्रवेश दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभिभावकों को अपने आसपास स्थित अधिकतम 10 विद्यालयों का विकल्प चुनने की सुविधा होगी।
लॉटरी के जरिए सीटों का आवंटन
- स्कूलों में प्रवेश लॉटरी प्रणाली के आधार पर होगा।
- आवेदन केवल उसी क्षेत्र के विद्यालयों में मान्य होंगे, जहां विद्यालय स्थित है (ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका, नगर निगम)।
- अभिभावक अपने वार्ड या पंचायत क्षेत्र के बाहर आवेदन नहीं कर सकेंगे।
- एक चरण में अभिभावक केवल एक बार आवेदन कर पाएंगे।
- पहले चरण में यदि किसी विद्यालय में सीट आवंटित नहीं होती, तो अगले चरण में फिर आवेदन का अवसर मिलेगा।








