अम्बेडकरनगर। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से दिए जाने वाले प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए जनपद के प्रतिभाशाली बच्चों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने कम आयु में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हों।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने संबंधित विभागों को ऐसे बच्चों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं, जिन्होंने वीरता, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला, संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है।
ऑनलाइन होगी आवेदन प्रक्रिया
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। पात्र बच्चे निर्धारित पोर्टल awards.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तय की गई है।
विभागों को दिए गए चिन्हांकन के निर्देश
जिलाधिकारी ने जनपद के विद्यालयों, खेल संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से पात्र बच्चों का नामांकन कराने की अपील की है। साथ ही प्रभागीय वनाधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला मनोरंजन कर अधिकारी को भी योग्य बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आवेदन की प्रति जिला प्रोबेशन अधिकारी को देनी होगी
निर्देशों के अनुसार नामांकन के बाद आवेदन की एक प्रति संस्तुति सहित जिला प्रोबेशन अधिकारी, अम्बेडकरनगर को उपलब्ध करानी होगी।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार बच्चों की प्रतिभा, नवाचार, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला महत्वपूर्ण सम्मान माना जाता है।









