
- बांग्लादेशी घुसपैठ पर चला बुलडोजर, फार्महाउस भी जमींदोज
- हाईकोर्ट की शरण में स्थानीय, कार्रवाई पर उठाए सवाल
- अवैध बस्ती में 143 बांग्लादेशी नागरिक चिन्हित
अहमदाबाद। अहमदाबाद के शाहआलम इलाके के पास चंडोला तालाब क्षेत्र में मंगलवार से बांग्लादेशी घुसपैठियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। गुजरात पुलिस ने सोमवार रात से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। यहां 50 बुलडोजर और 36 डंपर लगाए गए हैं।
याचिकाकर्ता बोले- घर तोड़ने से पहले नोटिस नहीं दिया
गुजरात हाईकोर्ट में लगाई याचिका में कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति गैरकानूनी विदेशी है या नहीं, इसका फैसला केवल फॉरेन ट्रिब्यूनल कर सकता है। इसके अलावा घर तोड़ने से पहले कोई नोटिस भी नहीं दिया गया और पुनर्वास की कोई व्यवस्था भी नहीं की गई। याचिकाकर्ताओं ने हाईकोर्ट से मामले की तत्काल सुनवाई की मांग की है। इस पर आज सुबह 11 बजे से सुनवाई की संभावना है। फिलहाल पुलिस ने मीडिया को कोर्ट रूम में प्रवेश करने से रोक दिया है।
मिनी बांग्लादेश कहा जाता है चंदोला झील का यह इलाका
अहमदाबाद में दाणीलीमडा रोड पर स्थित चंदोला झील और उसके आसपास के क्षेत्र को मिनी बांग्लादेश के नाम से जाना जाता है। यह क्षेत्र 1200 हेक्टेयर में फैला हुआ है। यह पूरा इलाका आपराधिक गतिविधियों के लिए भी बदनाम है।
अवैध बांग्लादेशियों को बसाने वाले लल्ला बिहारी
पुलिस जांच में पता चला है कि मूल रूप से अजमेर का रहने वाला लल्ला बिहारी ही पैसे लेकर यहां अवैध बांग्लादेशियों को बसाता था। लल्ला बिहारी यहां शेड वाले छोटे कमरे, दुकानें और गोदाम बनवाकर उन्हें किराए पर देता था।








