कानपुर की कचहरी में बुधवार को उस वक्त हंगामा मच गया जब पुलिस लॉ स्टूडेंट पर जानलेवा हमले के आरोपी, डिबार अधिवक्ता प्रिंस राज श्रीवास्तव को अरेस्ट करने पहुंची। गिरफ्तारी के दौरान वकीलों ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी वकील ने खुद दरोगा को थप्पड़ मार दिया और पुलिस से धक्का-मुक्की होने लगी।
हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को आरोपी को किसी तरह वैन में बैठाकर वहां से भागना पड़ा। पूरी घटना का वीडियो अब सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
रावतपुर थाने की पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गुरुवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोर्ट में पेश किया जाएगा। लॉ स्टूडेंट पर चापड़ से हमला हुए छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और वह ICU में भर्ती है।
दरअसल, लॉ स्टूडेंट पर हत्या के प्रयास मामले में आरोपी प्रिंस राज श्रीवास्तव की तलाश में पुलिस कई दिनों से छापेमारी कर रही थी। लेकिन मंगलवार को आरोपी ने कानपुर कचहरी में अपने साथी अधिवक्ता के चैंबर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा था। इसके बाद वह पुलिस के रडार पर आया और बुधवार को कचहरी से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों—अमर सिंह, विजय सिंह और निखिल तिवारी—को जेल भेज चुकी है। प्रिंस चौथा नामजद आरोपी है।
डीसीपी वेस्ट दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी प्रिंस राज श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया है और गुरुवार दोपहर कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।








