
- आशियाना पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश
- गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, 21 चोरी की बाइक बरामद
- महंगे शौक और गर्लफ्रेंड पर खर्च के लिए करते थे चोरी
लखनऊ। आशियाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 चोरी की बाइक बरामद की हैं। इस कार्रवाई से बाइक चोरी की नौ घटनाओं का खुलासा हुआ है। डीसीपी सेंट्रल आशीष कुमार श्रीवास्तव ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।
किशोर विहार निवासी की तहरीर पर हुई थी FIR
डीसीपी ने बताया कि किशोर विहार कॉलोनी, कैम्पबेल रोड बालागंज निवासी जीशान अली ने बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी तरह अन्य थानों से भी वाहनों की चोरी की रिपोटर्स पुलिस को मिली थीं। मामले की जांच करते हुए आशियाना पुलिस ने देवीखेड़ा रोड से पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सूरज गौतम उर्फ छोट (सरगना), सुमित सिंह उर्फ शानू, अभिषेक राजपूत उर्फ गंग, रवि थापा उर्फ एनडी और सूरज उर्फ अंश सिंह शामिल हैं। ये सभी लखनऊ और बाराबंकी के रहने वाले हैं।
महंगे शौक और गर्लफ्रेंड पर खर्च करने के लिए बन गए चोर
इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गर्लफ्रेंड पर खर्च करने और महंगे फोन, रेस्टोरेंट व अन्य शौक पूरे करने के लिए वे बाइक चोरी करते थे। चोरी की गई बाइक को गिरोह 5 से 6 हजार रुपये में बेच देता था।







