
अम्बेडकरनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के मौहारी खैरा गांव में रविवार को एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमला किसी निजी रंजिश के चलते किया गया बताया जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें हमले की पूरी वारदात साफ दिखाई दे रही है।
पीड़ित पक्ष की जानकारी के अनुसार, रविवार शाम लगभग चार बजे लाल चन्द्र अपने घर पर मौजूद थे। तभी गांव का ही रवि पुत्र आशाराम अपने कुछ साथियों के साथ घर पहुंचा और अचानक धारदार हथियार लेकर लाल चन्द्र पर हमला कर दिया। घटना के दौरान लाल चन्द्र जान बचाने के लिए भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई की।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना का पूरा वीडियो किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से की कड़ी कार्रवाई की मांग
हमले के बाद पीड़ित परिवार की महिलाओं ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी और उनके साथियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिवार ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन पर उतरने को मजबूर होंगे।








