फिरोजाबाद। देश-दुनिया में चर्चित बाबा नीब करौरी की पैतृक संपत्ति और मंदिर के चंदे को लेकर विवाद सामने आया है। बाबा की जन्मस्थली फिरोजाबाद के टूंडला स्थित अकबरपुर गांव में उनकी पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार की छह पोतियों ने डीएम संतोष कुमार शर्मा को शिकायती पत्र दिया है।
ट्रस्ट पर लगाया अवैध कब्जे का आरोप
शिकायत में श्री ठाकुर हनुमान जी ट्रस्ट पर बाबा के पैतृक घर, मंदिर और डाक बंगलिया पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। परिवार का कहना है कि इन संपत्तियों को ट्रस्ट को दान नहीं किया गया है।
डीएम ने बनाई जांच कमेटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने मंगलवार को एडीएम न्यायिक अरविंद कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी संपत्ति और ट्रस्ट से जुड़े पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी।
बाबा नीब करौरी का परिवार
बाबा नीब करौरी उर्फ लक्ष्मी नारायण शर्मा का जन्म अकबरपुर गांव में एक संपन्न परिवार में हुआ था। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी थे। बड़े बेटे अनेक शर्मा, छोटे बेटे धर्म नारायण शर्मा और बेटी गिरिजा देवी थीं।
परिवार के अनुसार, अनेक शर्मा के एक बेटा और एक बेटी हैं, जबकि धर्म नारायण शर्मा की छह बेटियां हैं। इन्हीं छह पोतियों की ओर से अब पैतृक संपत्ति को लेकर प्रशासन से शिकायत की गई है।
घर में प्रवेश नहीं देने का आरोप
17 अगस्त को बाबा की बड़ी पोती भावना रावत के पति मनोज रावत ने शिकायत में बताया कि अकबरपुर स्थित पैतृक घर से परिवार का भावनात्मक जुड़ाव है। अलग-अलग शहरों में रहने वाले परिवार के सदस्य गांव आने पर इसी घर में ठहरते थे।
आरोप है कि अब परिवार के लोगों को घर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है और उन्हें धमकाया भी जा रहा है।
ट्रस्ट का प्रबंधन प्रशासन को देने की मांग
मनोज रावत ने डीएम से मुलाकात कर ट्रस्ट का प्रबंधन प्रशासन के अधीन किए जाने की मांग की है। परिवार ने सुझाव दिया है कि डीएम को पदेन अध्यक्ष बनाया जाए और एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों को ट्रस्ट में शामिल किया जाए।









