बरामदपुर लोहारा गौशाला की बदहाल व्यवस्था, गर्मी में बेहाल गौवंश

चारा, पानी और साफ-सफाई की कमी से बढ़ी परेशानी

अंबेडकरनगर के कटेहरी ब्लॉक स्थित बरामदपुर लोहारा गौशाला की व्यवस्था इन दिनों सवालों के घेरे में है। गौशाला में रखे गए गौवंशों को पर्याप्त चारा और पानी नहीं मिलने का आरोप लग रहा है। वहीं परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था से पशुओं की हालत लगातार खराब होती दिखाई दे रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, गौशाला में कई गौवंश बीमार हालत में खुले में पड़े रहते हैं। समय पर उपचार और देखरेख नहीं मिलने से उनकी परेशानी बढ़ रही है। भीषण गर्मी के बीच पानी की समुचित व्यवस्था न होने से पशुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गौशाला परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब है। जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

कर्मचारियों की उपस्थिति पर भी उठे सवाल

ग्रामीणों ने गौशाला में तैनात कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई बार गौशाला में कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं मिलता। इससे गौवंशों की देखभाल प्रभावित हो रही है।

लोगों का आरोप है कि शासन स्तर पर गौवंशों की देखरेख और सुविधाओं के लिए लगातार निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्था ठीक नहीं दिख रही है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button