बागपत। बागपत के खेकड़ा कस्बे में गुरुवार को एक दो मंजिला मकान में भीषण आग लगने से मां-बेटी की मौत हो गई। हादसे में उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे कारोबारी पति भी झुलस गए। उन्हें गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया है। आग में दुकान का एक कर्मचारी भी मामूली रूप से घायल हुआ है।
किराने की दुकान से भड़की आग
हादसा जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर खेकड़ा कस्बे में मुबारिकपुर रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि मकान के ग्राउंड फ्लोर पर किराने की दुकान संचालित होती है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुकान में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी और देखते ही देखते उसने आसपास के सामान को चपेट में ले लिया।
दुकान में रखे दो गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए। कुछ ही देर में दोनों सिलेंडरों में धमाका हो गया। इसके बाद आग और धुआं तेजी से पूरे मकान में फैल गया।
दमकलकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर घर में प्रवेश किया
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब 30 से 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घर में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए सीढ़ी लगाकर दमकलकर्मी मकान में दाखिल हुए।
पुलिस और दमकल टीम ने राहत-बचाव अभियान चलाते हुए मकान से लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
मां-बेटी ने अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक, कारोबारी अंकुर जैन (40), उनकी पत्नी स्वाति (37) और बेटी अनन्या (7) को अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान स्वाति और अनन्या की मौत हो गई।
पत्नी और बेटी को बचाने की कोशिश में अंकुर भी आग की चपेट में आकर झुलस गए थे। उनकी हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया। वहीं, दुकान का कर्मचारी भी हादसे में मामूली रूप से घायल हुआ है।
परिवार में मचा कोहराम
एक ही परिवार की मां-बेटी की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण और सिलेंडर फटने से हुए नुकसान की विस्तृत जांच की जा रही है।









