अंबेंडकरनगर। टांडा तहसील क्षेत्र के ग्राम बिहरोज़पुर में आबादी की भूमि से घरेलू जल निकासी रोक दिए जाने से एक दर्जन गरीब परिवारों की परेशानियां बढ़ गई हैं। दबंग परिवार द्वारा जबरन बाउंड्री बनाकर कच्ची नाली की जगह संकरी जलनिकासी छोड़ने से गांव में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे संचारी रोगों का खतरा मंडरा रहा है।
गांव के मोहम्मद असलान, बाबर अली, समर जहां, नज़मा खातून, मोमिन खातून, मरियम, शहाना, तबस्सुम समेत करीब एक दर्जन परिवारों का कहना है कि उनके घरों की जल निकासी वर्षों से आबादी की भूमि पर बनी कच्ची नाली से पास के तालाब व नाले में होती थी। लेकिन गांव के प्रेम कुमार श्रीवास्तव व उनके भाइयों द्वारा उक्त मार्ग पर जबरन बाउंड्रीवॉल बनवाकर नाली को ढक दिया गया है। मात्र डेढ़ फीट जगह छोड़ देने से पानी का निकास पूरी तरह रुक गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा स्वच्छता और जलनिकासी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कच्ची नाली को पक्का कराने का कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन प्रेम कुमार द्वारा उक्त भूमि को निजी बताते हुए कार्य को रुकवा दिया गया। जबकि नायब तहसीलदार टांडा की उपस्थिति में हुए निरीक्षण में क्षेत्रीय लेखपाल ने भूमि को आबादी की भूमि बताया था।
जलभराव से घरेलू सामान हुआ खराब
पीड़ित परिवारों ने जिलाधिकारी को प्रेषित शिकायती पत्र में बताया कि हाल की बरसात में जलनिकासी रुकने से उनके घरों में पानी भर गया। कई लोगों का घरेलू सामान खराब हो गया। पीड़ितों का कहना है कि प्रेम कुमार द्वारा जलनिकासी को जानबूझकर रोका जाता है, जिससे गंदा पानी घरों में भर जाता है और भारी दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है।








