
- अंबेडकरनगर में फिल्म ‘₹1 दहेज’ की शूटिंग शुरू
- आम्रपाली दूबे और प्रशांत सिंह राजपूत मुख्य भूमिका में
- दहेज प्रथा पर आधारित सामाजिक संदेश वाली फिल्म
अंबेडकरनगर। भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अदाकारा आम्रपाली दूबे इन दिनों अंबेडकरनगर के आलापुर क्षेत्र में फिल्म ‘₹1 दहेज’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस सामाजिक संदेश से भरपूर फिल्म की शूटिंग राजेसुल्तानपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14, नरवरपट्टी तिवारी का पुरा में चल रही है। गांव के लोग फिल्म की शूटिंग और कलाकारों को देखकर उत्साहित हैं।फिल्म का निर्देशन इम्तियाज सिंह बंटी कर रहे हैं, जबकि मुख्य भूमिका में आम्रपाली दूबे के साथ अभिनेता प्रशांत सिंह राजपूत नजर आएंगे। फिल्म की कहानी दहेज प्रथा जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित है, जिसे ग्रामीण पृष्ठभूमि में फिल्माया जा रहा है।
कहानी में दम, संदेश में प्रभाव
फिल्म की कहानी एक अनपढ़ लड़की की संघर्ष-यात्रा पर आधारित है। लड़की से शादी के बदले लड़के वाले 11 लाख रुपये नगद और एक मोटरसाइकिल की मांग करते हैं। लेकिन लड़की अपने भाई और भाभी की मदद से पढ़ाई पूरी करती है, आत्मनिर्भर बनती है और फिर सिर्फ ₹1 दहेज में उसी लड़के से शादी करती है। फिल्म के जरिए समाज को दहेज जैसी कुप्रथा के खिलाफ जागरूक करने का प्रयास किया गया है।
गांव के खपरैल मकान में चल रही शूटिंग
फिल्म की शूटिंग सुरेंद्र तिवारी और हवलदार तिवारी के पुराने खपरैल मकान में की जा रही है, जिससे ग्रामीण परिवेश को वास्तविक रूप में दिखाने की कोशिश की जा रही है। यह मकान गांव की पारंपरिक छवि को बखूबी दर्शाता है और फिल्म की थीम से मेल खाता है।








