-
बुमराह की मौजूदगी से मुंबई की गेंदबाजी को मजबूती मिलेगी, मयंक की रफ्तार फिर से चर्चा में
-
NCA में रिहैब पूरा कर चुके मयंक, जल्द लखनऊ की प्लेइंग इलेवन में दिख सकते हैं
-
दोनों पेसरों की वापसी से IPL में आएगा नया रोमांच
मुबई। आईपीएल 2025 के मौजूदा सीजन में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अच्छी खबर सामने आई है। लंबे समय से चोट के कारण बाहर चल रहे भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अब टीम के साथ जुड़ गए हैं। मुंबई फ्रेंचाइजी ने रविवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस बात की पुष्टि की। बुमराह को पीठ की चोट के कारण शुरुआती चार मुकाबलों में नहीं उतारा गया था।
वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव भी वापसी की ओर अग्रसर हैं। वह भी चोट के कारण शुरुआती मैचों से बाहर थे। लखनऊ के कोच जस्टिन लैंगर ने बताया कि मयंक ने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है और वे 90-95% फिटनेस के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं।
बुमराह की चोट और मुंबई की स्थिति
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी मुकाबले में चोटिल होने के बाद से बुमराह रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे थे। उन्हें लोअर बैक में इंजरी हुई थी, जिसके कारण वे चैंपियंस ट्रॉफी से भी बाहर हो गए थे। इस दौरान वे बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस बहाली के लिए मौजूद थे।
मुंबई इंडियंस को इस सीजन में अभी तक खास सफलता नहीं मिली है। टीम ने अपने पहले चार मुकाबलों में से तीन गंवाए हैं और फिलहाल अंकतालिका में सातवें स्थान पर है। केवल कोलकाता के खिलाफ उन्हें जीत हासिल हुई, जिसमें टीम ने 8 विकेट से बाज़ी मारी थी।
मयंक यादव का प्रदर्शन और फिटनेस अपडेट
पिछले साल के आईपीएल में शानदार आगाज करने वाले मयंक यादव को बीच सीजन में मांसपेशियों में खिंचाव के चलते बाहर होना पड़ा था। चोट के बाद उन्होंने केवल कुछ ही घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
कोच लैंगर के अनुसार, मयंक की गेंदबाजी में जो तीव्रता देखी गई है, वह बेहद खास है। उन्होंने कहा, “भारत में बहुत कम गेंदबाज हैं जो इतनी रफ्तार से गेंदबाजी कर पाते हैं।”
अपने डेब्यू मैच में मयंक ने 155.8 KMPH की स्पीड से गेंदबाजी कर सबको चौंका दिया था। उन्होंने उस मैच में 3 विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने। उनके डेब्यू के बाद से ही वे तेज गेंदबाजों की नई पहचान बन गए हैं।








