
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने दरभंगा में जनसभा को संबोधित किया
विपक्ष पर निशाना: पप्पू, टप्पू और अप्पू के रूप में कसा तंज
राम-जानकी मार्ग और मिथिला विकास पर जोर
दरभंगा, बिहार। यूपी के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिहार चुनाव के प्रचार में दरभंगा के केवटी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखे हमला बोलते हुए उन्हें ‘तीन नए बंदरों’ – पप्पू, टप्पू और अप्पू – करार दिया।
योगी ने कहा कि ये लोग एनडीए सरकार के विकास कार्यों को नहीं देख सकते, सुन नहीं सकते और बोल नहीं सकते। उन्होंने विपक्ष पर झूठ और गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने चेताया कि “बंटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे।”
विपक्ष और राम मंदिर पर हमला
योगी ने सपा-कांग्रेस और आरजेडी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ये दल राम और मां जानकी के विरोधी हैं। उन्होंने कांग्रेस पर कश्मीर में हिंदुओं को विस्थापित करने और गरीबों की योजनाओं का पैसा हड़पने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने कश्मीर को आतंकवाद और पाकिस्तानी घुसपैठियों से मुक्त कराया।
राम-जानकी मार्ग और विकास पर जोर
योगी ने पांच साल पहले के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या में रामलला विराजमान हो चुके हैं और अब मिथिला में मां जानकी का भव्य मंदिर बनेगा। उन्होंने डबल इंजन सरकार की ताकत बताते हुए लखनऊ-दरभंगा की कनेक्टिविटी, सड़क, रेल, हवाई और जलमार्ग के विकास का भी उल्लेख किया।
योगी ने कहा कि मोदी सरकार ने मिथिला क्षेत्र को मखाना बोर्ड और अन्य परियोजनाओं से सम्मान दिलाया है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान मजबूत हुई है।








