
- 55 लोगों का रक्त समूह परीक्षण, 32 ने किया भावी रक्तदाता पंजीकरण
- इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी और आशीर्वाद मेडिकल सेंटर ने दिया सहयोग
- संस्था और ब्लड बैंक टीम की सक्रिय भागीदारी
अंबेंडकरनगर। “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में आरंभ फाउंडेशन द्वारा जिले में पहली बार वृहद रक्त समूह परीक्षण एवं भावी रक्तदाता पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। टांडा रोड स्थित आशीर्वाद मेडिकल सेंटर में आयोजित इस विशेष शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. गीतिका वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. जे.के. वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
शिविर में आरंभ फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष संध्या सिंह ने समाज सेवा को व्यक्तिगत दायित्व बताते हुए कहा कि देश का विकास तभी संभव है जब हर युवा अपनी नैतिक जिम्मेदारी को समझे और सक्रिय योगदान दे। उन्होंने बताया कि रक्तदान, पर्यावरण, शिक्षा या स्वास्थ्य—किसी भी क्षेत्र में जरूरतमंदों की मदद हेतु संस्था निरंतर कार्यरत है और आगे भी रहेगी।
उन्होंने रक्त समूह परीक्षण को भविष्य के लिए एक बड़ी तैयारी बताया, जिससे आपात स्थिति में तुरंत रक्तदाता को चिन्हित कर जरूरतमंद की मदद की जा सके। उन्होंने कहा, “रक्त एकमात्र ऐसा मूल्यवान तत्व है, जिसे खरीदा नहीं जा सकता। इसे केवल इंसान ही इंसान को दे सकता है।”
इस शिविर में कुल 55 लोगों का रक्त समूह परीक्षण किया गया, जिन्हें ब्लड ग्रुप कार्ड भी प्रदान किए गए। इसके अलावा 32 व्यक्तियों ने भावी रक्तदाता के रूप में अपना पंजीकरण कर समाज सेवा में सहभागिता का संकल्प लिया।कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि का स्वागत संस्थाध्यक्ष संध्या सिंह ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर किया।








