
कानपुर। कानपुर में आवारा कुत्तों की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, लोग स्वीपरों को 200 से 500 रुपये देकर सोसाइटी में घूमने वाले कुत्तों को मारने का ठेका दे रहे हैं। हत्या के बाद कुत्तों को बोरियों में भरकर बाइक से गंगा किनारे फेंका जा रहा है। यह घटनाएं 20 अगस्त को BBA छात्रा पर डॉग अटैक के बाद शुरू हुईं।
बाइक पर बोरी ले जाते दिखे आरोपी, वीडियो वायरल
सोमवार को एक वीडियो सामने आया, जिसमें कुत्ते को बोरी में भरकर बाइक से ले जाया जा रहा था। एनिमल वेलफेयर संस्था की शिकायत पर जाजमऊ पुलिस ने देर रात FIR दर्ज की। अब पुलिस बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
एसीपी कैंट आकांक्षा पांडेय ने बताया कि शिकायतकर्ता विद्या भूषण तिवारी की रिपोर्ट पर केस दर्ज हुआ है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
गेटेड सोसाइटी में चल रहा ‘डॉग हंटिंग रैकेट’
जांच में खुलासा हुआ कि हाईप्रोफाइल एमराल्ड गुलिस्तां सोसाइटी में कुत्तों की हत्या के लिए पैसे देकर ठेका दिया गया। सोसाइटी के कुछ लोगों ने स्वीपर को 200-500 रुपये देकर डॉग किलिंग का कॉन्ट्रैक्ट दिया।
जाजमऊ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया, “स्वीपर ने लाठी-डंडों से कुत्तों को पीटा, चारों पैर बांधकर बोरियों में भरा और फिर गंगा किनारे फेंक दिया।”
एनिमल वेलफेयर संस्था ने दी चेतावनी
वीडियो सामने आने के बाद एनिमल वेलफेयर संस्था ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संस्था के प्रतिनिधि विद्या भूषण तिवारी ने कहा कि अगर पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी नहीं की, तो सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे।
पृष्ठभूमि: BBA छात्रा पर डॉग अटैक के बाद बढ़ा विवाद
20 अगस्त को श्यामनगर निवासी वैष्णवी साहू, जो एलन हाउस रूमा कॉलेज की BBA फाइनल ईयर छात्रा है, पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया था।
कुत्तों ने उसके चेहरे को बुरी तरह नोचा, गाल का मांस फाड़ दिया और नाक पर गहरा घाव कर दिया।
छात्रा के चेहरे पर कुल 17 टांके आए, उसकी हालत अब भी गंभीर है।
परिजनों का कहना है कि वैष्णवी सदमे में है और कुछ खा-पी नहीं पा रही।








