- लड़की की हालत गंभीर, सैफई मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
- आरोपी पहले भी कर चुका था हमला, एकतरफा प्यार में दे रहा था शादी का दबाव
- तीन घंटे बाद पुलिस मुठभेड़ में आरोपी को पकड़ा, पैर में लगी गोली
मैनपुरी जिले में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना हुई। महाराजा तेज सिंह किले के पास रानी शिव मंदिर में पूजा कर रही BSc सेकेंड ईयर की छात्रा दिव्यांशी राठौर पर सिरफिरे प्रेमी ने एकतरफा प्यार में ताबड़तोड़ 4 गोलियां चला दीं। वारदात के बाद छात्रा लहूलुहान हालत में मंदिर परिसर में गिर पड़ी। परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरोपी ने मंदिर का दरवाजा बंद कर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, आरोपी राहुल दिवाकर पहले से मंदिर में मौजूद था। जैसे ही दिव्यांशी ने पूजा शुरू की, राहुल ने मंदिर का गेट बंद कर दिया और डंडे से हमला कर दिया। जब छात्रा चिल्लाने लगी तो उसने तमंचा निकालकर उस पर चार गोलियां दाग दीं। दो गोलियां हाथ में और दो पेट में लगीं। इसके बाद राहुल मौके से फरार हो गया।
शादी तय होने से था नाराज
छात्रा के भाई यश राठौर के मुताबिक, राहुल गांव का ही रहने वाला है और काफी समय से बहन पर शादी का दबाव बना रहा था। तीन महीने पहले परिवार ने दिव्यांशी की शादी तय कर दी थी, जिससे राहुल नाराज था। इसके बाद दिव्यांशी ने उससे बात करना बंद कर दिया था।
पहले भी कर चुका था हमला
परिजनों ने बताया कि राहुल इससे पहले भी दिव्यांशी पर हमला कर चुका था। इस संबंध में पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
एनकाउंटर में पकड़ा गया आरोपी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह और कोतवाली पुलिस की टीम ने तीन घंटे बाद आरोपी राहुल को एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी है। गिरफ्तारी के बाद भी आरोपी हंसता रहा। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
मां बोलीं – कभी जेल से बाहर न आए
घायल छात्रा की मां पूनम ने कहा, “मेरी बेटी को बहुत दर्द हो रहा था। वह बार-बार कह रही थी कि राहुल ने उसे गोली मारी है। मैं चाहती हूं कि वह लड़का कभी जेल से बाहर न निकले और उसका पूरा घर तबाह हो जाए।”
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मंदिर में मौजूद सबूतों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। इलाके में दहशत का माहौल है।








