अंबेडकरनगर। अहिरौली क्षेत्र में एक किशोरी से जबरन शादी के दबाव और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
प्रेम प्रसंग और शादी की जिद का मामला
जानकारी के अनुसार, अहिरौली क्षेत्र के एक गांव का युवक जियाउलहक उर्फ शीबू पर आरोप है कि उसने गांव की एक किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर शादी की जिद शुरू कर दी। परिवार के विरोध के बाद मामला तनावपूर्ण हो गया।
टावर पर चढ़कर दी थी जान देने की धमकी
घटना छह दिन पुरानी बताई जा रही है। आरोप है कि युवक टीकमपारा गांव के पास एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और शादी की मांग पर अड़ गया। उसने मांग पूरी न होने पर कूदकर जान देने की धमकी भी दी थी।
पुलिस के समझाने के बाद वह करीब तीन घंटे बाद नीचे उतरा था। इसके बाद उसका शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया था।
घर पहुंचकर दी धमकी, लाठी-डंडों के साथ पहुंचे आरोपी
पीड़ित परिवार का आरोप है कि रविवार देर शाम आरोपी अपने साथियों और रिश्तेदारों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंचा। विरोध करने पर धमकी देकर सभी वहां से चले गए।
पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने मामले में जियाउलहक, रियाजुलहक, जुनैद, ऐदुल्ला और इब्राहिमपुर के रौकवां निवासी मोहम्मद आजम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।









