मानेसर में हड़ताल के दौरान बवाल, पुलिस लाठीचार्ज में कई घायल

धारा 163 के बावजूद जुटे हजारों कर्मचारी, हिंसा के बाद हालात तनावपूर्ण

गुरुग्राम। हरियाणा के Manesar में गुरुवार को हड़ताली कर्मचारियों का प्रदर्शन उस समय हिंसक हो गया, जब धारा 163 लागू होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे भगदड़ मच गई और हालात बेकाबू हो गए।

लाठीचार्ज के दौरान 20 से अधिक कर्मचारी घायल हो गए। एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई, जिसे अधिक खून बहने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, एक महिला प्रदर्शन के दौरान बेहोश हो गई।

घटना से नाराज कर्मचारियों ने हिंसक रुख अपनाते हुए पुलिस की एक बाइक को आग के हवाले कर दिया और एक वाहन पर पथराव किया, जिससे उसके आगे और पीछे के शीशे टूट गए। इस दौरान कुछ महिलाओं ने एक पुलिसकर्मी से लाठी छीनने की कोशिश भी की, जिससे मौके पर नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

कई घंटों तक चले इस टकराव के बाद इलाके में तनाव बना रहा। घटना के बाद कई कंपनियों के बाहर सैलरी बढ़ाने से जुड़े सरकारी आदेशों के नोटिस भी चस्पा किए गए।

बताया जा रहा है कि हाल ही में Honda कंपनी में वेतन वृद्धि को लेकर हुई हड़ताल के बाद यह आंदोलन शुरू हुआ था। हालांकि वहां समझौते के बाद कर्मचारी काम पर लौट गए, लेकिन Satyam, Munjal Showa और Rico समेत कई कंपनियों के कर्मचारी पिछले तीन दिनों से हड़ताल पर डटे हुए हैं और काम पर लौटने को तैयार नहीं हैं।

प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button