लखनऊ में डेढ़ महीने बंद रहेगा गोमती बैराज ब्रिज, बदले जाएंगे जर्जर गेट

गोमती बैराज ब्रिज डेढ़ महीने रहेगा बंद 4 जर्जर गेट बदले जाएंगे

गोमती बैराज ब्रिज पर बड़े मरम्मत कार्य की शुरुआत होने जा रही है। सिंचाई विभाग ने समता मूलक चौक से बालू अड्डा की ओर जाने वाले बैराज ब्रिज को 7 मई से 15 जून तक बंद रखने का फैसला लिया है। इस दौरान बैराज के चार जर्जर गेट बदले जाएंगे और पूरे सिस्टम को हाईटेक बनाने का काम किया जाएगा।

विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गोमती बैराज को अब कंप्यूटराइज्ड कंट्रोल सिस्टम से जोड़ा जाएगा। अभी तक गेटों को मैन्युअल तरीके से खोला और बंद किया जाता है, जिसमें ऑपरेटरों को हर गेट तक पहुंचकर अलग-अलग संचालन करना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कंट्रोल रूम से एक क्लिक पर सभी गेट संचालित किए जा सकेंगे।

परियोजना पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं चार नए गेट लगाने पर लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सिंचाई विभाग ने बताया कि बैराज पर लगे कुल 9 गेट अपनी निर्धारित उम्र पूरी कर चुके हैं। इनमें से दो गेट बदलने का काम लगभग पूरा हो चुका है।

भारी मशीनों और सुरक्षा कारणों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस से डायवर्जन लागू करने की मांग की गई है। वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी ताकि लोगों को कम परेशानी हो।

विशेषज्ञों का मानना है कि नए गेट और कंप्यूटराइज्ड सिस्टम लागू होने के बाद बरसात के समय जल प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा और शहर में जलभराव का खतरा भी कम किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button