
अंबेडकरनगर। प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक़्फ़ व हज राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी मंगलवार को टांडा पहुंचे। दौरे की शुरुआत में उन्होंने शहीद हारून रशीद की दरगाह पर अकीदत की चादर पेश की और प्रदेश व देश की तरक्की एवं खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।
समाजसेवी के आवास पर हुआ स्वागत
राज्यमंत्री दानिश अंसारी सकरावल मोहल्ले स्थित समाजसेवी डॉ. इश्तियाक अहमद अंसारी के आवास पर पहुंचे। यहां पर स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने उनका स्वागत किया।
पालिका कार्यालय में चेयरमैन व सभासदों ने किया अभिनंदन
इसके बाद वह टांडा नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचे। यहां चेयरमैन शबाना नाज़ और सभासदों ने राज्य मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा खान भी मौजूद रहीं।
बुनकरों के उत्थान पर दिया जोर
अपने संबोधन में राज्य मंत्री ने कहा कि टांडा कपड़ा उद्योग के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। बुनकर समाज का देश की अर्थव्यवस्था और तरक्की में अहम योगदान है। उन्होंने बताया कि ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के तहत अंबेडकरनगर जनपद का चयन कपड़ा उद्योग के लिए किया गया है। इसलिए बुनकरों की सुरक्षा और उनके उत्थान के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी।
विद्युत विभाग को दिए सख्त निर्देश
राज्यमंत्री ने कहा कि बुनकरों को विद्युत विभाग की ओर से किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उद्योग से जुड़े हर वर्ग को सुविधा दी जाएगी।
हज यात्रियों के लिए निर्देश
राज्यमंत्री ने हज यात्रियों की सुविधा को लेकर भी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग शीघ्र स्कैनिंग और फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करे, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर बुनकर नेता सगीर बज़्मी, मेराज अहमद, अब्बास अली, अकबाल मोटे और सिरताज सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे








