बाराबंकी में बोले सीएम योगी, अपराधियों की जगह जेल या जहन्नुम

550 करोड़ की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

  • ब्रह्मोस मिसाइल और डिफेंस कॉरिडोर का किया जिक्र
  • सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
  • लोधेश्वर महादेव धाम में पूजा-अर्चना कर कॉरिडोर की रखी आधारशिला

बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी के दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कानून-व्यवस्था, विकास और रक्षा उत्पादन को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और अपराध के लिए जाना जाता था, लेकिन अब अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है। जो बेटियों या व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसकी जगह जेल या जहन्नुम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है और डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से प्रदेश देश की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती दे रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल का नाम सुनकर दुश्मन देश भी घबरा जाते हैं और यह नए भारत की ताकत का प्रतीक है।

योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों की प्राथमिकता धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का विकास नहीं था। उनके अनुसार उस समय सरकारी धन कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवॉल बनाने पर खर्च किया जाता था, जबकि मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों की उपेक्षा होती थी।

मुख्यमंत्री ने दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में करीब 550 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने रामनगर स्थित लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचकर शिवलिंग का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button