
- मुंबई में CNG ₹2 प्रति किलो महंगी हुई
- घरेलू PNG के दाम में 50 पैसे प्रति SCM की बढ़ोतरी
- 15 दिनों में दूसरी बार बढ़ाए गए गैस के दाम
- घरेलू गैस की कमी और रुपये की कमजोरी बनी वजह
- ऑटो और टैक्सी यूनियनों ने किराया बढ़ाने की मांग की
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में सीएनजी और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। Mahanagar Gas Limited (MGL) ने CNG की कीमत में ₹2 प्रति किलोग्राम और घरेलू PNG की कीमत में 50 पैसे प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 29-30 मई की मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं।
नई कीमतों के अनुसार मुंबई में CNG अब ₹84 प्रति किलो से बढ़कर ₹86 प्रति किलो हो गई है। वहीं घरेलू PNG की कीमत ₹51.50 प्रति SCM से बढ़कर ₹52 प्रति SCM हो गई है। खास बात यह है कि पिछले 15 दिनों में यह दूसरी बार है जब गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले 13-14 मई को भी CNG के दाम ₹2 प्रति किलो बढ़ाए गए थे।
कंपनी के अधिकारियों के अनुसार घरेलू प्राकृतिक गैस के आवंटन में कमी आने के कारण उन्हें अधिक कीमत वाले वैकल्पिक स्रोतों से गैस खरीदनी पड़ रही है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में कमजोरी आने से आयातित गैस की लागत भी बढ़ी है, जिसका असर उपभोक्ताओं पर पड़ा है।









