
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब फाफामऊ इलाके में स्थित एक कोल्ड स्टोरेज की इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में करीब 20 लोग दबे हो सकते हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। करीब 5 जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।
अमोनिया गैस रिसाव से बढ़ी दिक्कत
हादसे के बाद करीब एक किलोमीटर के दायरे में अमोनिया गैस का रिसाव होने की बात सामने आई है। गैस की तीखी गंध के चलते मौके पर मौजूद लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर काम करने को मजबूर हैं, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में भी परेशानी आ रही है।
SDRF और NDRF टीम मौके पर
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया है। सभी टीमें मिलकर मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रही हैं।
मैनेजर हिरासत में, जांच शुरू
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
वीडियो में दिखी अफरा-तफरी
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति नजर आ रही है। लोग घायलों को उठाकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
पूर्व विधायक से जुड़ा बताया जा रहा कोल्ड स्टोरेज
जानकारी के मुताबिक, यह कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी के एक पूर्व विधायक अंसार अहमद से जुड़ा बताया जा रहा है। करीब 60 एकड़ में फैले इस परिसर में 100 से अधिक लोग काम करते हैं।







