
अम्बेडकरनगर। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को तहसील आलापुर सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलेभर में विभिन्न तहसीलों में भी समाधान दिवस के तहत कुल 443 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से कुछ का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
आलापुर में 175 शिकायतें, 15 का त्वरित निस्तारण
तहसील आलापुर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 175 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 15 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण करते हुए पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जलालपुर: 116 शिकायतें, 10 का तत्काल समाधान
तहसील जलालपुर में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 116 शिकायती पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 10 का निस्तारण मौके पर कर दिया गया।
बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भीटी: 59 शिकायतें, 6 का हुआ निस्तारण
भीटी तहसील में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 59 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 6 मामलों का निस्तारण तत्काल किया गया।
अन्य शिकायतों को सम्बंधित विभागों को सौंपकर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।








