
बुलंदशहर। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी कार्यकताओं से सोशल मीडिया की ताकत को समझते हुये इस पर सक्रिय रहने का आह्वान किया है। वाड्रा ने रविवार को यहां आयोजित प्रतिज्ञा सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि अब सोशल मीडिया का जमाना है। हमें व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर सक्रिय होकर कांग्रेस की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने की जरूरत है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता और बूथ लेवल कमेटियों की जिम्मेदारी होगी कि वह बूथ पर अपनी मजबूत टीम बनाएं। उन्होंने इसके साथ ही बूथ की मतदाता सूची का सत्यापन भी करने की कार्यकर्ताओं को नसीहत दी। उन्होंने कहा, “आज एक मुहिम के तहत कांग्रेस को बदनाम करने की होड़ लग गई है। हमारी आस्था और निष्ठा पर सवाल उठाऐ जा रहे हैं। हमारी देशभक्ति पर तंज कसे जा रहे हैं।”
वाड्रा ने किसी दल से गठबंधन करने की संभवनाओं को खारिज करते हुये कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। जिनमें से 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी आम जनता के बीच के लोगों को टिकट देना चाहती है। जो सही मायने में जनप्रतिनिधि के रूप में लोगों की समस्याओं को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठा सकें।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कीमतें 70 साल में 70 रुपये तक पहुंची जबकि 60 महीने में इसे बढ़ाकर 108 रुपये तक पहुंचा दिया गया। किसानों को खाद बिजली नहीं मिल रही। गरीब आदमी गैस सिलेंडर भरवा नहीं पा रहा। व्यापारियों के व्यापार चौपट हो चुके हैं। यह सब सरकार की गलत नीतियों का नतीजा है।








