
- पीड़िता ने खुद जांच कर सोशल मीडिया साजिश का किया खुलासा
- धमकी देकर रिश्ता तुड़वाने की भी कोशिश की
- ठाकुरगंज थाने में मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में रह रही एक GNM छात्रा को बदनाम करने के लिए पड़ोस में रहने वाले दंपती ने सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील पोस्ट फैलाने की शर्मनाक हरकत की। कॉलेज के छात्रों और परिचितों को फेक प्रोफाइल से मैसेज भेजकर लड़की और उसके परिवार की इज्जत उछालने की कोशिश की गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी आईडी बनाकर भेजते थे अश्लील मैसेज और कमेंट
जौनपुर निवासी छात्रा ठाकुरगंज के बालागंज इलाके में रहकर GNM कोर्स की पढ़ाई कर रही है। पीड़िता के मुताबिक मोहल्ले में रहने वाला आदर्श तिवारी पिछले तीन वर्षों से उसे परेशान करता आ रहा था। एक माह पहले आदर्श और उसकी पत्नी राखी तिवारी ने इंस्टाग्राम पर तीन–चार फर्जी प्रोफाइल बनाकर उसके कॉलेज के छात्र–छात्राओं को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजनी शुरू कीं। बाद में इन आईडी से छात्रा के खिलाफ अभद्र बातें लिखी जाने लगीं।
जांच करने पर खुली पोल
छात्रा को जब शक हुआ तो उसने खुद एक नया इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर इन प्रोफाइल्स की जांच की। उसने पाया कि सभी फर्जी आईडी उसी मोहल्ले से ऑपरेट हो रही हैं और लगातार उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। परिजनों ने जब दंपती से इसका विरोध किया तो आरोपी आदर्श ने यह धमकी तक दी कि शादी होने पर वह उसके ससुराल वालों को झूठी बातें बताकर रिश्ता तुड़वा देगा।
पुलिस कर रही पोस्ट और आईडी की जांच
पीड़िता ने पूरा मामला ठाकुरगंज थाने में बताया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आदर्श तिवारी और उसकी पत्नी राखी तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सोशल मीडिया अकाउंट्स और आपत्तिजनक पोस्ट की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।








