- ब्लेसिंग मुजरबानी की शानदार गेंदबाजी, रैंकिंग में 14 स्थान की छलांग
- बांग्लादेश के खिलाफ ब्लेसिंग मुजरबानी ने 3 विकेट लिए
- मुजरबानी की करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग: 705 अंक
नई दिल्ली। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने अपनी शानदार गेंदबाजी से आईसीसी मेंस टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में 14 स्थानों की लंबी छलांग लगाई है। बांग्लादेश के खिलाफ 3 विकेट लेकर मुजरबानी ने अपनी गेंदबाजी में सुधार किया और अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग 705 अंक पर पहुंच गए। अब वह टेस्ट क्रिकेट में 700 अंक का आंकड़ा पार करने वाले दूसरे जिम्बाब्वे के गेंदबाज बन गए हैं। 28 वर्षीय तेज गेंदबाज ने रैंकिंग में 14 स्थान ऊपर चढ़ते हुए 15वें स्थान पर अपनी जगह बनाई है। वहीं भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अभी भी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर बने हुए हैं। टॉप-10 में किसी भी तरह का बदलाव नहीं हुआ है।
मसाकाद्जा और हसन को भी मिली सफलता
ब्लेसिंग मुजरबानी के साथ-साथ जिम्बाब्वे के ही वेलिंगटन मसाकाद्जा ने भी बांग्लादेश के खिलाफ 5 विकेट लेकर टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में वापसी की है। मसाकाद्जा 68वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, बांग्लादेश के अनुभवी स्पिनर मेहदी हसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश के लिए 10 विकेट लेकर 4 पायदान ऊपर चढ़ते हुए 26वें स्थान पर अपनी जगह बनाई है।
टेस्ट गेंदबाज रैंकिंग में बुमराह की पकड़ बरकरार
टॉप-10 में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिसमें जसप्रीत बुमराह पहले स्थान पर हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह 623 रेटिंग प्वाइंट के साथ 24वें स्थान पर पहुंच गए हैं।








