-
ओलिंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी
-
मेंस और विमेंस टीमें होंगी शामिल
-
टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा क्रिकेट
लॉस एंजिलिस। इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (IOC) ने बुधवार को एलान किया कि लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में क्रिकेट को शामिल किया गया है। प्रत्येक कैटेगरी में कुल छह टीमें भाग लेंगी और हर टीम 15 खिलाड़ियों का स्क्वॉड चुन सकेगी। क्रिकेट का टी-20 फॉर्मेट ओलिंपिक में खेला जाएगा।
128 साल बाद ओलिंपिक में क्रिकेट की वापसी
क्रिकेट ओलिंपिक में दूसरी बार शामिल हो रहा है। इससे पहले यह 1900 के पेरिस ओलिंपिक में खेला गया था, जहां सिर्फ एक ही मैच हुआ था। उस मैच में ग्रेट ब्रिटेन ने फ्रांस को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। अब लगभग 128 वर्षों बाद क्रिकेट की ओलिंपिक में वापसी हो रही है।
क्वालिफिकेशन और वेन्यू पर स्थिति स्पष्ट नहीं
- अभी तक ओलिंपिक 2028 में क्रिकेट के क्वालिफिकेशन प्रोसेस को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, मैचों के आयोजन स्थल की घोषणा भी नहीं हुई है, लेकिन न्यूयॉर्क को संभावित मेज़बान के रूप में देखा जा रहा है। मेज़बान अमेरिका की टीम का खेलना तय है, जबकि अन्य पांच टीमों को क्वालिफाइ करना होगा।
कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में मिल चुकी है जगह
क्रिकेट को इससे पहले दो बार कॉमनवेल्थ गेम्स (1998 और 2022) और तीन बार एशियन गेम्स (2010, 2014, 2023) में शामिल किया गया था। हाल ही में हुए हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते थे।
2028 ओलिंपिक में होंगे 351 मेडल इवेंट्स
लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 में कुल 351 मेडल इवेंट्स होंगे, जो कि पेरिस ओलिंपिक 2024 के मुकाबले 22 ज्यादा हैं। कुल 10,500 एथलीट इसमें भाग लेंगे, जिसमें 5,333 महिलाएं और 5,167 पुरुष खिलाड़ी शामिल होंगे।








