डिलीवरी बॉय बनकर पहुंचे बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप से की 35 लाख की लूट

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में गुरुवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात हुई। स्विगी और ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय की ड्रेस पहने दो बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप में घुसकर पिस्टल की नोक पर करीब 35 लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया। पूरी घटना सिर्फ 6 मिनट में हुई और दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई।

घटना लिंक रोड थाना क्षेत्र के बृज विहार की है, जहां कृष्ण कुमार वर्मा की ‘मानसी ज्वेलर्स’ नाम से दुकान है। गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे दो बदमाश बाइक पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे। दोनों ने डिलीवरी बॉय की यूनिफॉर्म पहन रखी थी, जिससे किसी को शक न हो।

दुकान में घुसते ही पिस्टल तान दी

दुकान के अंदर उस वक्त दुकान मालिक का बेटा शुभम वर्मा और एक कर्मचारी मौजूद थे। शुभम वॉशरूम में थे, तभी दोनों बदमाश दुकान में घुसे और कर्मचारी को पिस्टल दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया। इसी दौरान शुभम लौटे, तो उन पर भी पिस्टल तान दी गई। दोनों को धमकाकर 20 किलो चांदी, 125 ग्राम सोने के जेवरात और 20 हजार नकद दो बैग में भर लिए।

बदमाश जाते वक्त पिस्टल दिखाते हुए शुभम और कर्मचारी को दुकान के बाहर ले गए और फिर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस जुटी जांच में

पुलिस को शाम 4 बजे के करीब सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। DCP ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि “वारदात को 6 मिनट में अंजाम दिया गया है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बाइक की नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि बदमाश दिल्ली की ओर से आए थे।”

घटना के खुलासे के लिए 2 टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह पूरी तरह प्लान की गई प्रोफेशनल लूट है, और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।

“गोली मारूं क्या, जल्दी तिजोरी खोल”

घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें बदमाशों को हेलमेट पहने और रुमाल से मुंह ढके हुए देखा जा सकता है। एक बदमाश पिस्टल तानकर कर्मचारी से कहता है, “पूरा माल बैग में भर दो, तिजोरी खोल जल्दी।” जब कर्मचारी हिचकिचाता है, तो वह धमकी देता है, “गोली मारूं क्या?” इसके बाद दुकान मालिक का बेटा शुभम आता है, उसे भी धमकाकर एक बैग जबरन भरवाया जाता है।

Related Posts

पीएम मोदी से मिले गूगल सीईओ सुंदर पिचाई, AI सहयोग पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। Google के सीईओ Sundar Pichai ने 18 फरवरी को प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। पीएम मोदी ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि भारत में…

Continue reading
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में युवती से दुष्कर्म की कोशिश

गोरखपुर। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी कोच में एक 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी टीटीई राहुल कुमार को रेलवे प्रशासन ने…

Continue reading