आगरा में कपड़ा व्यापारी के घर डकैती

हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लूटा, 10 तोला सोना और नकदी ले गए

आगरा। आगरा के थाना बाह क्षेत्र में रविवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक कपड़ा व्यापारी के घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर मारपीट की और लाखों की नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित अमरीश गुप्ता, जो जरार क्षेत्र में कपड़ा व्यवसायी हैं, अपने परिवार के साथ घर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब एक बजे बदमाशों ने पहले घर की बिजली काट दी, जिससे एसी और पंखे बंद हो गए और घर में गर्मी बढ़ गई।

दरवाजा खोलते ही बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और सिर पर बंदूक की बट से वार किया, जिससे वह गिर पड़े। इसके बाद पांच बदमाश घर में घुस आए, जिनके हाथों में तमंचे थे। बदमाशों ने उनकी पत्नी लक्ष्मी और नीचे सो रही बुजुर्ग मां चंद्रकांता को भी बंधक बना लिया।

बदमाशों ने सभी के मोबाइल फोन पानी में डालकर नष्ट कर दिए और परिवार को धमकाते हुए मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा लगाकर उनसे जेवर उतारने को कहा, जिसके बाद उन्होंने जान बचाने के लिए अपनी अंगूठियां उतारकर दे दीं।

इसके बाद बदमाश घर से करीब 10 तोला सोना, 300 ग्राम चांदी और 25 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने पूरे परिवार को कमरे में बंद कर दिया।

घटना के बाद किसी तरह शोर मचाकर पीड़ित ने पड़ोसियों को बुलाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल पहुंचे और जांच शुरू कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button