हाइवे पर खड़ी डीसीएम बनी मौत का जाल

बाइक सवार परिवार का दर्दनाक अंत

अम्बेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के पियारेपुर मंदिर के पास शनिवार को नेशनल हाइवे पर हुआ सड़क हादसा एक ही परिवार के लिए काल बन गया। सरिया लदे खड़े डीसीएम वाहन से टकराकर बाइक सवार पति, पत्नी और उनके छह वर्षीय बेटे की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, अयोध्या जिले के गोशाईगंज क्षेत्र के गौहनिया गांव निवासी सुरेंद्र कुमार अपनी पत्नी सरिता और बेटे सक्षम के साथ बाइक से अकबरपुर जा रहे थे। परिवार का उद्देश्य जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल में भर्ती सास से मुलाकात करना था।

पंचर बनवाने के लिए खड़ी थी डीसीएम, पीछे से घुस गई बाइक

बताया गया कि पियारेपुर के पास हनुमान मंदिर के समीप सड़क पर एक डीसीएम वाहन खड़ा था। वाहन का टायर पंचर होने के कारण मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सीधे डीसीएम के पीछे घुस गई।

टक्कर में बाइक चला रहे सुरेंद्र कुमार का गला डीसीएम में लगे सरिया में फंस गया, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। पत्नी सरिता और बेटा सक्षम भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने पर टूटा परिवार, तीनों की मौत

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को सीएचसी कटेहरी भेजा गया। डॉक्टरों ने सुरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। बाद में जिला अस्पताल में पत्नी सरिता ने भी दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल बेटे सक्षम को सद्दरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

बताया गया कि हादसे के समय सुरेंद्र कुमार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button