
अंबेडकरनगर (टांडा)। विद्युतनगर टांडा के छज्जापुर दक्षिण मोहल्ले में स्थित सिंह ट्रेडर्स की स्टेशनरी की दुकान और गोदाम में रविवार तड़के लगी भीषण आग का असर चौथे दिन बुधवार को भी पूरी तरह थमा नहीं है। चार मंजिला इमारत की बेसमेंट में अब भी मलबे के भीतर से धुंआ निकल रहा है, जिससे राहत व बचाव कार्य में रुकावटें आ रही हैं।
फायर ब्रिगेड की कई टीमों द्वारा लगातार प्रयास के बाद फिलहाल लपटें तो थम चुकी हैं, लेकिन गहराई में सुलग रहे कागज और स्टेशनरी के सामान के कारण धुंआ बार-बार उठ रहा है। वर्तमान में सिर्फ टांडा की एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर मौजूद है जो आवश्यकता के अनुसार पानी डालकर मलबे को ठंडा करने का काम कर रही है। नगर पालिका परिषद के कर्मचारी भी लगातार राहत कार्य में लगे हुए हैं।
वहीं, घटना की सूचना के बाद क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच चुके हैं। सांसद लाल जी वर्मा, विधायक राम मूर्ति वर्मा, ब्लॉक प्रमुख सुरजीत वर्मा, नगर पालिका परिषद टांडा की अध्यक्ष शबाना नाज़, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मिथिलेश त्रिपाठी, किछौछा नगर पंचायत के अध्यक्ष ओमकार गुप्ता तथा सपा नेता मुसाब अहमद सहित दर्जनों जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर दुकान के प्रोपराइटर शनि सरदार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार गोदाम के बेसमेंट में भारी मात्रा में स्टेशनरी, रजिस्टर, किताबें, फाइलें और प्लास्टिक सामग्री रखी गई थी, जो आग लगने के बाद एक साथ धधक उठी। आग बुझाने में भारी मात्रा में पानी का इस्तेमाल हुआ, जिससे इमारत की नींव पर भी असर पड़ा है।








