दिल्ली में दो सड़क हादसे, तीन की मौत

DTC बस ने कई वाहनों को मारी टक्कर

 राजधानी दिल्ली में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए। आनंद पर्वत इलाके में दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बस ने तीन दोपहिया वाहनों और एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, द्वारका के सेक्टर-18 में एक ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में गौरव नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।

आनंद पर्वत में DTC बस ने चार वाहनों को मारी टक्कर

आनंद पर्वत इलाके में शनिवार को 212 बस स्टैंड के पास हादसा हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टिकरी बॉर्डर की ओर जा रही DTC बस ने तीन दोपहिया वाहनों और एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि बस एक महिला चला रही थी। हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। हादसे के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

द्वारका में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत

दूसरा हादसा द्वारका के सेक्टर-18 में क्रिसेंट अपार्टमेंट क्रॉसिंग के पास शनिवार रात करीब 12:45 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में गौरव नाम के युवक को सिर में गंभीर चोट आई। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

गौरव का शव दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनकी पहचान हितेश (18), हर्षित (20) और ध्रुव (23) के रूप में हुई है।

दो घायलों को दूसरे मेडिकल सेंटर किया गया रेफर

पुलिस ने बताया कि घायल हितेश और हर्षित को पहले इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया था। वहां से दोनों को दूसरे मेडिकल सेंटर रेफर किया गया। वहीं, ध्रुव को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत ऐसी थी कि वह पुलिस को बयान देने की स्थिति में नहीं था।

ट्रक चालक गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

द्वारका हादसे के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक होताम सिंह (41) को पकड़ लिया है। वह उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला है। पुलिस दोनों हादसों के संबंध में जांच कर रही है। आनंद पर्वत में बस चालक के मौके से फरार होने और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button