दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राईसाइकिल, आवेदन शुरू

स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाली पात्र छात्राएं विकास भवन में जमा कर सकती हैं आवेदन, ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद मिलेगा लाभ

अम्बेडकरनगर। जनपद की स्कूल और कॉलेज में अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं के लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने पात्र छात्राओं से आवेदन करने की अपील की है। आवेदन प्राप्त होने के बाद उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर नियमानुसार ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यह योजना उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना है।

इन छात्राओं को मिलेगा योजना का लाभ

योजना का लाभ केवल उन दिव्यांग छात्राओं को मिलेगा जो किसी मान्यता प्राप्त स्कूल, कॉलेज या प्रशिक्षण संस्थान में अध्ययन या प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। आवेदन करने वाली छात्रा की आयु 16 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।

इसके अलावा छात्रा के पास सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। छात्रा या उसके परिवार का कोई सदस्य आयकरदाता नहीं होना चाहिए। साथ ही आवेदक उत्तर प्रदेश की निवासी होनी चाहिए।

शारीरिक क्षमता की भी तय की गई है पात्रता

योजना के तहत ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त करने के लिए कुछ शारीरिक मानक भी निर्धारित किए गए हैं। आवेदक का कमर के ऊपर का हिस्सा स्वस्थ होना चाहिए। उसकी दृष्टि और मानसिक स्थिति सामान्य हो तथा वह अपने हाथों से ई-ट्राईसाइकिल का संचालन करने में सक्षम हो।

इन मानकों को पूरा करने वाली छात्राओं के आवेदन ही नियमानुसार स्वीकार किए जाएंगे।

विकास भवन में जमा होंगे आवेदन

पात्र छात्राएं अपना आवेदन आवश्यक अभिलेखों के साथ जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, कक्ष संख्या-56 में किसी भी कार्य दिवस पर जमा कर सकती हैं। विभाग की ओर से आवेदन ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद पात्रता के अनुसार ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button