लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 35 वर्षीय कुन्जन गौतम की मौत हो गई। हादसा जुनाबगंज तिराहे के पास हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि कुन्जन घटनास्थल पर ही दम तोड़ गए।
जानकारी के अनुसार, कुन्जन गौतम रात करीब 11:30 बजे अपने घर खसरवारा लौट रहे थे। सोमवार को उनकी बेटी पूजा का जन्मदिन था, जिसकी पार्टी उन्होंने ससुराल सराय शहजादी गांव में मनाई थी। घर लौटते समय वह रोड पर ऑटो की तलाश कर रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया और चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने तुरंत बंथरा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुन्जन को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कुन्जन के पिता फेक्का ने बंथरा थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
कुन्जन दाहिने पैर से दिव्यांग थे, जबकि उनकी पत्नी पूनम भी एक पैर से दिव्यांग हैं। परिवार पिछले एक साल से सराय शहजादी गांव में रह रहा था। हादसे की घटना ने पूरे परिवार और इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।








