लखनऊ में बंद मकानों को निशाना बनाने वाला गिरोह पकड़ा

  • लाखों के जेवर, नकदी और बाइक बरामद
  • 100 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर मिली सफलता
  • बंद घरों की रेकी कर करते थे चोरी
  • मकबूलगंज की घटना के बाद पुलिस हुई सक्रिय

लखनऊ के कैसरबाग इलाके में पुलिस ने बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है।

पुलिस ने करीब 15 किलोमीटर के दायरे में लगे 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद गिरोह तक पहुंच बनाई। डीसीपी पश्चिमी के निर्देशन में कैसरबाग पुलिस ने शनिवार तड़के रोजगार भवन के सामने से करन वर्मा, सुशील सोनी और मोहम्मद आजम उर्फ रानू को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी शहर में घूम-घूमकर बंद घरों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही नकबजनी की वारदात को अंजाम देते थे।

मकबूलगंज के बंद मकान को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल को मकबूलगंज निवासी निरुपमा श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का कुंडा तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। इस मामले में कैसरबाग थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button