
अम्बेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सोमवार को रबी 2025-26 सीजन के लिए जनपद में खाद एवं बीज की उपलब्धता व वितरण की स्थिति पर प्रेस वार्ता की। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर चना, मटर, मसूर, राई/सरसों तथा गेहूं का बीज अनुदान दरों पर वितरण के लिए पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
रबी फसलों के लिए बीज वितरण व्यवस्था सुचारू
जिलाधिकारी ने बताया कि रबी 2025-26 के अंतर्गत किसानों को समय से गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि कृषकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से शरदकालीन गन्ने के साथ सरसों एवं मसूर की सहफसली बुआई हेतु किसानों को बीज निःशुल्क वितरित किया जा रहा है।
सरसों बीज 4.00 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर तथा मसूर बीज 8.00 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद के बीज भंडारों पर सरसों का निःशुल्क मिनीकिट 2070 पैकेट एवं चना का 400 पैकेट वितरण हेतु मौजूद है।
अनुदानित दरों पर उपलब्ध बीज की जानकारी
उन्होंने बताया कि गेहूं बीज 3207 कुंतल दर ₹4680 प्रति कुंतल की दर से उपलब्ध है, जिस पर ₹2340 का सरकारी अनुदान है। इसी प्रकार चना बीज 44.55 कुंतल दर ₹10320 प्रति कुंतल पर, जिस पर ₹5160 का अनुदान है।
मटर बीज 55 कुंतल दर ₹7093 प्रति कुंतल, मसूर बीज 52.40 कुंतल दर ₹11050 प्रति कुंतल, और राई/सरसों का बीज 59.30 कुंतल दर ₹10847 प्रति कुंतल उपलब्ध है।








