अम्बेडकरनगर। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित योजनाओं और विभागीय प्रगति की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं, विभिन्न विकास योजनाओं और डैशबोर्ड पर दर्ज आंकड़ों का तुलनात्मक विश्लेषण करते हुए विभागवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एक अत्यंत प्रभावी प्रणाली है, जिसके माध्यम से जनपद में संचालित योजनाओं की प्रगति की सीधी निगरानी शासन स्तर से होती है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे कार्यों की समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण पूर्ति सुनिश्चित करें।
योजनावार समीक्षा: प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, फसल बीमा योजना, पीएम कुसुम योजना, जल जीवन मिशन, सामाजिक वानिकीकरण, पेंशन योजना, ओडीओपी, सड़क निर्माण, नहर सफाई और टेल फीडिंग जैसे प्राथमिकता कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
निर्देश: हर पात्र को मिले योजना का लाभ
जिलाधिकारी ने उपनिदेशक कृषि को पीएम कुसुम योजना के तहत किसानों से ऑफलाइन आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए और अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
डीसी मनरेगा को जॉब कार्ड धारकों को जागरूक करने तथा यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया कि कार्ड संबंधित मजदूर के पास ही रहे। वहीं, दुग्ध समितियों के गठन की गति बढ़ाने और दिव्यांगजन पेंशन योजना में छूटे पात्रों को अभियान चलाकर जोड़े जाने के निर्देश दिए गए।








