मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में मंडलीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित

अम्बेडकरनगर। मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अयोध्या मंडल, अयोध्या की अध्यक्षता में मंडलीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री की विकास प्राथमिकताओं से जुड़े कार्यक्रमों और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से संबंधित बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा

बैठक के दौरान मंडल के सभी जनपदों में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए यह देखा गया कि डैशबोर्ड पर दर्ज सूचनाएं समयबद्ध और सटीक रूप से अपडेट की जा रही हैं या नहीं। लंबित बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एनक्यूएएस मूल्यांकन को लेकर सख्त निर्देश

बैठक में मंडल के समस्त जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारी और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि 31 दिसंबर 2025 तक कम से कम 50 प्रतिशत चिकित्सा इकाइयों का एनक्यूएएस के तहत मूल्यांकन कराया जाए। इसके लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने और गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

आरोग्य मेलों की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर

प्रत्येक रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित होने वाले आरोग्य मेलों की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए। यह भी स्पष्ट किया गया कि सभी आरोग्य मेलों का निरीक्षण जनपद स्तर से नियमित रूप से कराया जाए। निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button