अंबेडकरनगर। शनिवार को कोतवाली अकबरपुर में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने जनसामान्य की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने मौके पर ही मामलों की समीक्षा करते हुए त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
शिकायतों पर सीधा संवाद, अधिकारियों ने मौके पर दिए निर्देश
समाधान दिवस में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई और राजस्व से जुड़े कई मामले सामने आए। डीएम और एसपी ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर प्रभावी रूप से दिखना चाहिए।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण करना है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि पुलिस से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। थानों को निर्देशित किया गया है कि हर शिकायत को प्राथमिकता पर लेकर उसका समय से निस्तारण करें और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।
लंबित मामलों पर कड़ा संदेश
बैठक में लंबित मामलों को लेकर सख्त रुख अपनाया गया। निर्देश दिए गए कि पुराने और लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें और पीड़ितों को अनावश्यक रूप से थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।









