अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में ई-ऑफिस प्रणाली को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों से अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की गई तथा शेष बचे विभागों को शीघ्र आवश्यक तकनीकी संसाधन पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
ई-मेल व वीपीएन न लेने वालों पर चेतावनी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जिन विभागों ने अभी तक अपना अधिकृत ई-मेल आईडी और वीपीएन कनेक्शन प्राप्त नहीं किया है, वे तत्काल संबंधित प्रक्रिया पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर कार्य प्रणाली को डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है, ऐसे में कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पेपरलेस प्रशासन की ओर बढ़ता जिला
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि “ई-ऑफिस प्रणाली सरकारी कार्यों की पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि अब से सभी पत्रावलियों का संचालन केवल ई-ऑफिस पोर्टल के माध्यम से ही किया जाए।”
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि “अब कोई भी पत्र या पत्रावली मैनुअल माध्यम से संचालित न हो। ई-ऑफिस को प्राथमिकता न देने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
दैनिक लॉगिन और कार्य निष्पादन अनिवार्य
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक कार्य दिवस पर अनिवार्य रूप से पोर्टल पर लॉगिन करें और कम से कम एक फाइल का निष्पादन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण, नेटवर्क कनेक्टिविटी और उपकरणों की आपूर्ति संबंधी समस्याओं को शीघ्र सुलझाकर, ई-ऑफिस के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन की दिशा में अग्रसर हों।








