
- सत्यापन कार्यों की धीमी प्रगति पर डीएम ने जताया असंतोष
- मलिन बस्ती विकास योजना में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर
- टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश
अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शासी निकाय समिति (डूडा) की बैठक सोमवार को एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 तथा मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित व मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत जारी कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत ऑनलाइन प्रेषित आवेदनों की जांच व सत्यापन की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए संबंधित उप जिलाधिकारियों व अधिशासी अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजना का समयबद्ध लाभ मिले, इसके लिए सत्यापन कार्य में तेजी लाई जाए।
मलिन बस्तियों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित व मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत सूडा/शासन से स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में मानकों के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माणों की विशिष्टियों व फिनिशिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए और तय समय सीमा में कार्य पूर्ण हों।
टेंडर प्रक्रियाओं में न हो विलंब, शीघ्र कार्य प्रारंभ हो
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां निर्माण कार्यों के टेंडर प्रक्रियाधीन हैं या अब तक टेंडर नहीं हुआ है, वहां नियमानुसार जल्द प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।








